Monday, February 7, 2011

१२ फरवरी को दिल्ली में हिन्दी विकि कार्यशाला सम्मेलन का आयोजन


सभी हिन्दी नेटीजनों को सूचित किया जाता है कि आगामी १२ फरवरी २०१० को नई दिल्ली में हिन्दी विकि कार्यशाला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हिन्दी विकिपीडिया पर योगदान देने के इच्छुक व्यक्तियों को विकिपीडिया की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जायेगी।

हिन्दी विकिपीडिया विकिमीडीया फाउण्डेशन के भारतीय भाषा की सबसे बड़ी परियोजना है। वर्तमान में इसमें लगभग ६७,५०० लेख हैं। इस कार्यशाला का आयोजन हिन्दी विकिपीडिया सम्बन्धी जागरुकता फैलाने हेतु किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति जो हिन्दी विकि परियोजनाओं में रुचि रखता है इस सम्मेलन में आने के लिये सादर आमन्त्रित है।

कार्यसूची
  1. हिन्दी विकि की विभिन्न परियोजनाओं का परिचय और इनकी वर्तमान प्रगति।
  2. यूनिकोड हिन्दी (देवनागरी) में लिखने का प्रशिक्षण।
  3. हिन्दी विकिपीडिया में लेख बनाने एवं सम्पादन करने का प्रशिक्षण।
  4. एवं कुछ अन्य सम्बन्धित विषय जिनमें आपकी रुचि अथवा जिज्ञासा हो।

स्थान:
Sarai-CSDS (Centre for the Study of Developing Societies)
29 Rajpur Road, Civil Lines Delhi - 110054
India, Ph no: 91-11-23928391, 23942199

सीऍसडीऍस सराय (CSDS Sarai) मुख्यतः उत्तर दिल्ली में सिविल लाइन्स एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के समीप के क्षेत्र में है। अधिक जानकारी सराय की साइट पर यहाँ देखें।

समय:
शनिवार, १२ फरवरी दोपहर ३ से शाम ६ बजे तक

आयोजक:
मयूर, Shijualex

प्रतिभागी कृपया इस सम्मेलन में आने के लिये निम्न में से किसी माध्यम से सूचना दें तांकि हम उस अनुरुप व्यवस्था कर सकें, आप अपने विकि के ह्स्ताक्षर, ईमेल पते के माध्यम से हमें सूचना दे सकते हैं। ईमेल द्वारा निम्न पतों पर सूचना दी जा सकती हैं - mayurdce [ऍट] gmail [डॉट] com

ट्विटर पर कार्यशाला बारे अपडेट #WPWSDL1 हैशटैग पर उपलब्ध होंगे।

फेसबुक पर इस कार्यशाला का इवेण्ट यहाँ देखें।

कार्यशाला बारे सभी प्रकार की जानकारी को निम्निलिखित विकि पन्ने पर अद्यतन किया जाता रहेगा।

विकिपीडिया:हिन्दी विकि कार्यशाला सम्मेलन/नई दिल्ली १

Friday, October 8, 2010

हिन्दी विकिपीडिया के बारे में

हिन्दी विकिपीडिया, विकिपीडिया का हिन्दी भाषा का संस्करण है। इसका स्वामित्व विकिमीडिया फाउण्डेशन नामक गैर-लाभकारी संस्थान के पास है। यह जुलाई २००३ में शुरु किया गया था। वर्तमान में इसमें ५५००० से अधिक लेख हैं और यह भारतीय भाषाओं में विकिपीडिया का सबसे बड़ा संस्करण है।

विकिपीडिया के बारे में तो आप जानते ही होंगे कि यह एक मुक्त विश्वकोष है जिसमें कोई भी योगदान दे सकता है। इसकी स्थापना २००१ में जिमी वेल्स द्वारा की गयी थी। चूँकि कोई भी इसमें सम्पादन कर सकता है अर्थात नई जानकारी जोड़ सकता है इसलिये विश्व के करोड़ो लोगों द्वारा योगदान किये जाने से यह धीरे-धीरे बड़ा होता गया तथा इसने ऍन्साइक्लोपीडिया ब्रिटानिका जैसे पुराने विश्वकोष को भी पीछे छोड़ दिया तथा निरन्तर बढ़ता ही जा रहा है। विकिपीडिया पर लेखों का निरन्तर विस्तार एवं सुधार चलता रहता है जिससे वे बेहतर होते जाते हैं।

हिन्दी विकि २००३ में शुरु हुआ था। आरम्भ में योगदानकर्ता बहुत ही कम थे। वर्तमान में हिन्दी विकि पर पंजीकृत सदस्यों की संख्या तो लगभग ३१०००+ है लेकिन इनमें से सक्रिय योगदानकर्ता कम ही (लगभग ५० और उनमें से भी नियमित लगभग २०) हैं। भूतकाल में कई सदस्यों का हिन्दी विकि की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान रहा है। ऐसे कुछ विकिपीडियनों के बारे में हम आगे इस चिट्ठे पर लिखेंगे। इसके अतिरिक्त विकि पर व्यवस्था को सुचारु रुप से चलाने के लिये प्रशासक, प्रबन्धक तथा विशिष्ट सदस्य होते हैं। एक अच्छा विकिपीडियन बनने के लिये विकि-संस्कृति की जानकारी होनी चाहिये जिससे हम आपको आने वाली पोस्टों में परिचित कराने की कोशिश करेंगे।

हमारा सपना है कि हिन्दी विकि अंग्रेजी विकिपीडिया की तरह ज्ञान का सम्पूर्ण भण्डार बने। योगदानकर्ताओं की कम संख्या से इस कार्य में समय लगेगा लेकिन हमें विश्वास है कि एक दिन हम यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे। आपसे अनुरोध है कि आप भी इस पवित्र लक्ष्य में सहयोग करें। योगदान कैसे करें, यह हम आने वाली पोस्टों में बताते रहेंगे।

इन्हें भी पढ़ें

Saturday, October 2, 2010

हिन्दी विकिपीडिया ब्लॉग का शुभारम्भ

नमस्कार दुनिया, हिन्दी विकिपीडिया चिट्ठे पर आपका स्वागत है। यह विकिपीडिया आदि विभिन्न हिन्दी विकि परियोजनाओं के अनधिकारिक ब्लॉग के रुप में आरम्भ किया गया है। इसका उद्देश्य हिन्दी नेटीजनों को विकि संस्कृति से परिचित कराना, उन्हें विकि से जोड़ना तथा विकि पर चल रही गतिविधियों की जानकारी देना है।

विकिपीडिया ब्लॉग के बारे में अधिक यहाँ पढ़ें।

विकिपीडिया ब्लॉग के नियमित पाठक बनें: