Showing posts with label विकि-संस्कृति. Show all posts
Showing posts with label विकि-संस्कृति. Show all posts

Friday, October 8, 2010

हिन्दी विकिपीडिया के बारे में

हिन्दी विकिपीडिया, विकिपीडिया का हिन्दी भाषा का संस्करण है। इसका स्वामित्व विकिमीडिया फाउण्डेशन नामक गैर-लाभकारी संस्थान के पास है। यह जुलाई २००३ में शुरु किया गया था। वर्तमान में इसमें ५५००० से अधिक लेख हैं और यह भारतीय भाषाओं में विकिपीडिया का सबसे बड़ा संस्करण है।

विकिपीडिया के बारे में तो आप जानते ही होंगे कि यह एक मुक्त विश्वकोष है जिसमें कोई भी योगदान दे सकता है। इसकी स्थापना २००१ में जिमी वेल्स द्वारा की गयी थी। चूँकि कोई भी इसमें सम्पादन कर सकता है अर्थात नई जानकारी जोड़ सकता है इसलिये विश्व के करोड़ो लोगों द्वारा योगदान किये जाने से यह धीरे-धीरे बड़ा होता गया तथा इसने ऍन्साइक्लोपीडिया ब्रिटानिका जैसे पुराने विश्वकोष को भी पीछे छोड़ दिया तथा निरन्तर बढ़ता ही जा रहा है। विकिपीडिया पर लेखों का निरन्तर विस्तार एवं सुधार चलता रहता है जिससे वे बेहतर होते जाते हैं।

हिन्दी विकि २००३ में शुरु हुआ था। आरम्भ में योगदानकर्ता बहुत ही कम थे। वर्तमान में हिन्दी विकि पर पंजीकृत सदस्यों की संख्या तो लगभग ३१०००+ है लेकिन इनमें से सक्रिय योगदानकर्ता कम ही (लगभग ५० और उनमें से भी नियमित लगभग २०) हैं। भूतकाल में कई सदस्यों का हिन्दी विकि की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान रहा है। ऐसे कुछ विकिपीडियनों के बारे में हम आगे इस चिट्ठे पर लिखेंगे। इसके अतिरिक्त विकि पर व्यवस्था को सुचारु रुप से चलाने के लिये प्रशासक, प्रबन्धक तथा विशिष्ट सदस्य होते हैं। एक अच्छा विकिपीडियन बनने के लिये विकि-संस्कृति की जानकारी होनी चाहिये जिससे हम आपको आने वाली पोस्टों में परिचित कराने की कोशिश करेंगे।

हमारा सपना है कि हिन्दी विकि अंग्रेजी विकिपीडिया की तरह ज्ञान का सम्पूर्ण भण्डार बने। योगदानकर्ताओं की कम संख्या से इस कार्य में समय लगेगा लेकिन हमें विश्वास है कि एक दिन हम यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे। आपसे अनुरोध है कि आप भी इस पवित्र लक्ष्य में सहयोग करें। योगदान कैसे करें, यह हम आने वाली पोस्टों में बताते रहेंगे।

इन्हें भी पढ़ें